Ranchi GST Intelligence Action: जमशेदपुर में जीएसटी इंटेलिजेंस निदेशालय ने 50 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले में कुमार लव अग्रवाल और गुलबहार मलिक को गिरफ्तार किया. दोनों ने फर्जी बिल बनाकर 11 करोड़ रुपये का ITC लाभ लिया.
जमशेदपुर: जमशेदपुर जीएसटी इंटेलिजेंस निदेशालय (DGGI) की नौ सदस्यीय टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने रांची के 2 व्यापारियों, कुमार लव अग्रवाल और गुलबहार मलिक को 50 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई फर्जी जीएसटी बिलों के जरिए 250 करोड़ रुपये के घोटाले से जुड़ी है, जिसमें स्क्रैप और नई बैटरी की कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी की गई. जांच में सामने आया कि दोनों ने बिना माल की आपूर्ति के फर्जी बिल बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का गलत दावा किया.
कंपनी में है 500 करोड़ का टर्नओवर
कुमार लव अग्रवाल एक बैटरी डीलर और अधिकृत वितरक हैं, जबकि गुलबहार मलिक पुरानी बैटरी के व्यापार से जुड़े हैं. दोनों ने मिलकर 10 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी बिल बनाए, जिसके जरिए 11 करोड़ रुपये से अधिक का ITC लाभ लिया. जांच के दौरान पुलिस ने 4 मोबाइल फोन, जिनमें 2 एप्पल फोन सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए. जहां कंपनी का टर्नओवर 500 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, और इसके ऑफिस रांची और दिल्ली में भी संचालित हो रहे थे.
दोनों आरोपी व्यापारी भेजे गए जेल
डीजीजीआई की टीम ने 4 दिनों तक गहन जांच की, जिसमें कई अन्य व्यापारियों के साथ इनके संबंधों का पता चला है, गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों की मेडिकल जांच कराई गई और उन्हें जेल भेज दिया गया. जीएसटी निदेशक सार्थक सक्सेना ने बताया कि जांच अभी जारी है, और जल्द ही इस घोटाले से जुड़े अन्य बड़े व्यापारियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा. इस कार्रवाई से जीएसटी धोखाधड़ी पर नकेल कसने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है.
यह मामला फर्जी कंपनियों और बिलों के जरिए सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने की गहरी साजिश को उजागर करता है. पुलिस और जीएसटी विभाग अब अन्य संदिग्धों पर नजर रख रहा है, और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है. यह कार्रवाई व्यापारियों के बीच ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने का संदेश देती है.
Source : https://hindi.news18.com/news/crime/jamshedpur-50-crore-gst-scam-2-traders-arrested-ranchi-news-ws-kl-9333883.html
