आज के समय में क्रेडिट कार्ड सिर्फ खर्च करने का साधन नहीं, बल्कि एक समझदारी भरा फाइनेंशियस टूल बन चुका है. सही उपयोग से यह न केवल आपकी जरूरतें पूरी करता है बल्कि फाइनेंशियल पहचान भी मजबूत बनाता है. लेकिन जरा सी लापरवाही भारी ब्याज, जुर्माने और गिरते क्रेडिट स्कोर की वजह बन सकती है.
नई दिल्ली. आज का दौर अगर क्रेडिट कार्ड से खरीदारी का दौर कहा जाए तो कहीं से गलत नहीं होगा. लोग जमकर क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं. बैंक भी इसे जारी करने में कोई कोताही नहीं बरतते हैं. हर चाहने वाले को क्रेडिट कार्ड इश्यू हो जाता है. क्रेडिट कार्ड से खरीदारी में कैशबैक, रिवॉर्ड पॉइंट्स और कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं. अचानक आने वाले खर्चों को मैनेज करने में भी यह उपयोगी साबित होता है. लेकिन इसका गलत उपयोग वित्तीय बोझ बढ़ा सकता है. अगर समय पर भुगतान न किया जाए तो ब्याज दरें 40 फीसदी तक पहुंच सकती हैं, जिससे आपका बजट बिगड़ सकता है. इसलिए कार्ड का उपयोग सोच-समझकर और सीमित सीमा में करना बेहद जरूरी है.
मजबूत करें अपनी क्रेडिट पहचान
क्रेडिट स्कोर किसी इंसान की वित्तीय विश्वसनीयता का सबसे बड़ा मापदंड है. खासकर युवाओं और फ्रीलांसर्स के लिए यह बेहद जरूरी है कि वे छोटी-छोटी खरीदारी के जरिए समय पर भुगतान करें. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, क्रेडिट कार्ड का उपयोग 30 फीसदी सीमा के भीतर रखना सबसे बेहतर होता है. ऐसा करने से क्रेडिट स्कोर सुधरता है और भविष्य में लोन या होम फाइनेंस लेना आसान हो जाता है.
वित्तीय प्लानिंग में शामिल करें कार्ड उपयोग
स्मार्ट फाइनेंस मैनेजमेंट का मतलब सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि जिम्मेदार खर्च भी है. इसलिए क्रेडिट कार्ड को अपनी वित्तीय योजना का हिस्सा बनाना चाहिए. हर महीने के खर्च और भुगतान पर नजर रखना, उपयोग सीमा को नियंत्रित रखना और क्रेडिट रिपोर्ट की नियमित जांच करना वित्तीय अनुशासन का हिस्सा है. ऐसा करने से आप ब्याज और पेनल्टी से बचते हैं और आर्थिक सेहत को संतुलित रखते हैं.
सही उपयोग से बनेगा सहयोग, नहीं बोझ
क्रेडिट कार्ड को समझदारी से इस्तेमाल किया जाए तो यह आपके वित्तीय लक्ष्यों को हासिल करने का सबसे अच्छा साधन बन सकता है. समय पर भुगतान, सीमित खर्च और योजनाबद्ध उपयोग न केवल आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत करते हैं बल्कि आपको जिम्मेदार और भरोसेमंद कार्ड यूज़र भी बनाते हैं.
Source: https://hindi.news18.com/news/business/personal-finance-credit-score-credit-card-use-how-to-build-financial-strength-without-debt-9841646.html
